Site icon Lahar Chakra

Cold Weather: IMD ने कोल्हान समेत झारखंड के विभिन्न हिस्सों में घने कोहरे के लिए जारी किया ‘येलो’ अलर्ट, विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर के बीच रहने की संभावना

Jamshedpur. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के विभिन्न हिस्सों में अगले दो दिन तक घने कोहरे की आशंका को देखते हुए बुधवार को ‘येलो’ अलर्ट जारी किया. आईएमडी बुलेटिन के अनुसार, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों के लिए घने कोहरे का ‘येलो’ (सावधान रहने का) अलर्ट जारी किया गया है. राज्य में सबसे ठंडा स्थान गुमला रहा, जहां तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दो जनवरी को सुबह साढ़े आठ बजे तक गिरिडीह और देवघर सहित विभिन्न जिलों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया गया है.

आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, इन जिलों में दृश्यता 50 से 200 मीटर के बीच रहने की संभावना है. रांची में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रहा. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, “झारखंड के निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में उत्तर-पश्चिम हवाओं के कारण शीत लहर और घने कोहरे की स्थिति उत्पन्न हो रही है.

आईएमडी बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटों में लोहरदगा और डाल्टनगंज में तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस, खूंटी में 5.2 डिग्री, जबकि बोकारो में 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Exit mobile version