
Jamshedpur.कोल्हान समेत राज्य के कई जिले शीतलहरी की चपेट में हैं. सबसे अधिक असर पलामू, कोल्हान और राज्य के मध्य हिस्से में दिख रहा है. आधा दर्जन से अधिक जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. मौसम केंद्र का अनुमान है कि सात दिसंबर के बाद न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है. अभी एक-दो दिनों तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या इसके आसपास ही रहेगा.
मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक 7 दिसंबर और 8 दिसंबर को सुबह के वक्त धुंध और कोहरा के बाद दिन में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. जबकि 9 दिसंबर को आसमान साफ रहेगा. खास बात है कि 8 दिसंबर से सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी. इस दिन से अगले तीन दिनों तक न्यूनतम पारा में 2-3 डिग्री का इजाफा हो सकता है.
