


रांची. प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा है कि भाजपा में अपराधी को भी सामाजिक कार्यकर्ता बताते हुए महिमामंडित किया जाता है. नैतिकता की तमाम बातें सिर्फ विपक्ष के लिए है. सिन्हा ने कहा कि भाजपा के लिए एक अपराधी अब सामाजिक कार्यकर्ता हो गया है.
भ्रष्टाचारी भाजपा के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के पद पर पहले से ही काबिज हैं और नैतिकता की बातें सिर्फ विपक्ष के नेताओं के लिए है. पिछले दिनों हुए सूर्या हांसदा के एनकाउंटर पर बाबूलाल मरांडी के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सिन्हा ने घटना को पुलिस कार्रवाई का हिस्सा बताया. सूर्या हांसदा पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे और उनकी गतिविधियां कानून के खिलाफ थीं.
पुलिस ने अपनी जिम्मेदारी निभाई है और इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश भाजपा कर रही है, जो गलत है. ऐसे में अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा और और कानून व्यवस्था पर प्रश्न खड़ा होगा.
लाख कोशिशों के बावजूद भी जब गठबंधन सरकार को भाजपा हिला नहीं पाई तो अब बेबुनियाद आरोप लगाकर सरकार को बदनाम करने की नापाक कोशिश कर रही है.
सिन्हा ने भाजपा को विकास विरोधी करार देते हुए आरोप लगाया कि रिम्स पार्ट दो की अभी परिकल्पना ही चल रही है और पूरी भाजपा विधवा विलाप कर रही है.



