Lahar Chakra

Congress Protest: राहुल और प्रियंका धरने पर… बोले-ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा, दूसरे दिन भी हिरासत में लिये गये

New Delhi. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को कहा कि विपक्ष का विरोध प्रदर्शन मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक जारी रहेगा। गांधी ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ऐसा कुछ नहीं कर सकते जिससे उनका विरोध रुक जाए। गांधी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘हम ज्ञानेश कुमार के इस्तीफा देने तक विरोध प्रदर्शन नहीं रोकेंगे।

यह इस देश की सबसे पवित्र चीज की रक्षा की लड़ाई है। नरेन्द्र मोदी और अमित शाह ऐसा कुछ नहीं कर सकते जिससे हमें रोका जा सके।’’
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, (आरएसएस प्रमुख) मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार को न्याय के कटघरे में लाएंगे। मेरी गारंटी है कि इन चारों को न्याय के कटघरे में लाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘उन्होंने इस देश की सबसे पवित्र चीज पर हमला किया है। उन्होंने संविधान पर हमला किया है, उन्होंने जनता की आवाज पर हमला किया है और उन्हें इसकी कीमत चुकानी होगी।

राहुल, प्रियंका समेत 100 लोग हिरासत में लिए गए
दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा समेत 100 लोगों को बुधवार को तब हिरासत में ले लिया जब वे धरना देने के लिए जंतर मंतर की ओर जाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लेकर बाराखंभा थाने ले जाया गया, जबकि प्रियंका गांधी को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया। ये नेता अन्य विपक्षी सांसदों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बसों में सवार होकर जंतर-मंतर की ओर जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

इसके बाद उन्होंने शांगरी-ला होटल के पास एक गोलचक्कर पर धरना दिया। प्रियंका गांधी और कई महिला नेता संविधान की प्रति हाथ में लिए सड़क पर लेट गईं, जिसके बाद मौके पर एकत्र हुए सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को हटाना शुरू कर दिया। सुरक्षाकर्मियों ने पहले राहुल गांधी को हटाया और कंधों पर उठाकर पुलिस बस में बैठा दिया।

Exit mobile version