Jamshedpur. साकची थाना क्षेत्र में तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी पर वाहन चालक से डिजिटल माध्यम से अवैध रूप से रुपये वसूलने का गंभीर आरोप लगा है। सिदगोड़ा के बारा रोड निवासी और ट्यूब कंपनी कर्मचारी अरुण कुमार ने मामले को लेकर जमशेदपुर एसएसपी से लिखित शिकायत की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मी की पहचान करने और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है शिकायतकर्ता के अनुसार, वह बुधवार को अपनी पत्नी के साथ पुराने कोर्ट परिसर में एसआईआर (SIR) सुधार कार्य के सिलसिले में गए थे। वहां से लौटने के दौरान उनकी गाड़ी अनजाने में साकची के वन-वे यानी नो-एंट्री मार्ग में प्रवेश कर गई। नियम की जानकारी नहीं होने पर वहां तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उनकी गाड़ी रोक ली अरुण कुमार का आरोप है कि पुलिसकर्मी ने चालान या जुर्माने के नाम पर उनसे 1,000 रुपये नकद मांगे।

जब उन्होंने नकद रुपये नहीं होने की बात कही तो पुलिसकर्मी ने उन्हें पास में सब्जी बेच रहे एक विक्रेता के पास भेज दिया और उसके यूपीआई क्यूआर कोड पर 520 रुपये भेजने को कहा।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, मजबूरी में उन्होंने सब्जी विक्रेता के क्यूआर कोड पर 520 रुपये का भुगतान किया। इसके बाद सब्जी विक्रेता ने 20 रुपये अपना कमीशन काटकर 500 रुपये नकद ट्रैफिक पुलिसकर्मी को दे दिए.

अरुण कुमार का आरोप है कि रुपये लेने के बावजूद पुलिसकर्मी ने न तो कोई चालान काटा और न ही सरकारी जुर्माने की कोई रसीद दी। उनका कहना है कि किसी दूसरे व्यक्ति के यूपीआई खाते में डिजिटल भुगतान करवाकर उससे नकद राशि लेना पूरी प्रक्रिया को संदिग्ध बनाता है। शिकायतकर्ता ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना की सच्चाई सामने लाने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

