Lahar Chakra

CP Radhakrishnan; झारखंड के राज्यपाल रहे सीपी राधाकृष्णन को एनडीए ने बनाया उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार , भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया एलान

Ranchi. भाजपा संसदीय बोर्ड ने महाराष्ट्र के राज्यपाल चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में रविवार को नामित किया. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे पी नड्डा ने यह घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापक विचार-विमर्श के बाद राधाकृष्णन के नाम पर फैसला किया गया.
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की पृष्ठभूमि वाले राधाकृष्णन तमिलनाडु के एक वरिष्ठ भाजपा नेता हैं. नड्डा ने ओबीसी नेता और दो बार लोकसभा सदस्य रह चुके राधाकृष्णन (67) को इस संवैधानिक पद पर सर्वसम्मति से चुने जाने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं ने पिछले सप्ताह विपक्षी दलों से बात की थी और आगे भी करते रहेंगे. राधाकृष्णन को 2023 में झारखंड का राज्यपाल बनाया गया था और फिर जुलाई 2024 में महाराष्ट्र स्थानांतरित कर दिया गया था. सूत्रों ने बताया कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उपराष्ट्रपति चुनाव की निगरानी करेंगे जबकि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू मतदान एजेंट होंगे.
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है. प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भाजपा नीत गठबंधन के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी राधाकृष्णन के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया का हिस्सा होंगे. यदि विपक्ष भी अपना उम्मीदवार घोषित कर देता है तो चुनाव नौ सितंबर को होगा.

राधाकृष्णन का निर्वाचन लगभग तय
लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों वाले निर्वाचक मंडल में भाजपा और उसके सहयोगियों के पास पर्याप्त बहुमत होने के कारण, राधाकृष्णन का निर्वाचन लगभग तय है और पार्टी को उम्मीद है कि उनकी पदोन्नति से उसे तमिलनाडु में पैठ बनाने में मदद मिलेगी, जहां अगले साल चुनाव होने हैं. राधाकृष्णन तमिलनाडु में प्रभावशाली गौंडर जाति, एक ओबीसी समुदाय से हैं.

विपक्ष उपराष्ट्रपति उम्मीदवार पर आज कर सकता है चर्चा
‘इंडिया’ गठबंधन सोमवार को उपराष्ट्रपति पद के लिए विपक्षी उम्मीदवार के नाम पर चर्चा कर सकता है
‘इंडिया’ गठबंधन के नेता सोमवार सुबह उपराष्ट्रपति पद के लिए अपने संयुक्त उम्मीदवार के नाम पर चर्चा कर सकते हैं. सूत्रों ने बताया कि विपक्षी गठबंधन के नेता सोमवार सुबह 10.15 बजे राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यालय में बैठक करेंगे.
पीएम मोदी ने यह कहा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने हमेशा हाशिये पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया और अपने समर्पण, विनम्रता एवं बुद्धिमत्ता से एक अलग पहचान बनाई. मोदी ने कहा कि राधाकृष्णन ने तमिलनाडु में जमीनी स्तर पर व्यापक काम किया और उन्हें खुशी है कि राजग परिवार ने उन्हें गठबंधन के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के रूप में नामित करने का फैसला किया है. प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “थिरु सीपी राधाकृष्णन ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में समर्पण, विनम्रता और बुद्धिमत्ता के बलबूते खुद की अलग पहचान बनाई. उन्होंने लिखा, विभिन्न पदों पर रहते हुए उन्होंने हमेशा सामुदायिक सेवा और हाशिये पर पड़े लोगों को सशक्त बनाने पर ध्यान केंद्रित किया.

Exit mobile version