


Bhuvneshwar.भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार के अपने बुलेटिन में कहा, ‘बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती दक्षिण-पूर्व में चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ पिछले तीन घंटों के दौरान 16 किमी प्रति घंटे की गति से आगे बढ़ा और 26-27 अक्टूबर की दरम्यानी रात ढाई बजे चेन्नई (तमिलनाडु) से लगभग 600 किमी पूर्व-दक्षिणपूर्व में, काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से 680 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व में, विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश) से 710 किमी दक्षिण-दक्षिणपूर्व में, पोर्ट ब्लेयर (अंडमान और निकोबार द्वीप समूह) से 790 किमी पश्चिम में और गोपालपुर (ओडिशा) से 850 किमी दक्षिण में केंद्रित था.
आईएमडी ने कहा, ‘अगले 12 घंटों के दौरान यह बंगाल की खाड़ी के ऊपर पश्चिम-उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ना जारी रख सकता है. इसके बाद 28 अक्टूबर की सुबह तक यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. 28 अक्टूबर की शाम/रात के दौरान यह एक गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में मछलीपत्तनम और कलिंगपत्तनम के बीच काकीनाडा के आसपास आंध्र प्रदेश के तट को पार कर सकता है. इस दौरान अधिकतम 90-100 किमी प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं, जो बढ़कर 110 किमी प्रति घंटे तक हो सकती हैं.
ओडिशा सरकार ने बंगाल की खाड़ी में गहरे दबाव के क्षेत्र के सोमवार को चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ में तब्दील होने पर संवेदनशील स्थानों से लोगों को निकालना शुरू कर दिया है और राज्य के आठ दक्षिणी जिलों में 128 आपदा प्रतिक्रिया दल तैनात कर दिए हैं. बारिश सोमवार को शुरू होगी, लेकिन 28 और 29 अक्टूबर को बारिश और हवा की तीव्रता बढ़ जाएगी. मौसम विभाग ने मछुआरों को 29 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में बनने वाले आगामी चक्रवात के प्रभाव के तहत 29-30 अक्टूबर को झारखंड में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है. एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 29 और 30 अक्टूबर को सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और सिंहभूम के लिए भारी बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है.
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने को बताया, आगामी चक्रवात के प्रभाव से मौसम में बदलाव की उम्मीद है. 28 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 29 और 30 अक्टूबर को पूरे राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है.



