Site icon Lahar Chakra

DALMA जंगल से भटक कर ‘हिरण’ पहुंचा बोड़ाम बाजार, कुत्तों के झुंड ने हमला कर किया जख्मी, ग्रामीण ने बचायी जान

Jamshedpur. जमशेदपुर के दलमा जंगल से बुधवार की रात को भटक कर एक नर हिरण गुरुवार की सुबह बोड़ाम बाजार पहुंच गया. अहले सुबह करीब 5 बजे बोड़ाम के समीप दिखने से कुत्तों के झुंड ने उसे दौड़ाया तो वहां श्यामापद गोप के आंगन में लगे जाल में वह फंस गया. इसके बाद कुत्तों ने उसपर हमला करते हुए नोचना शुरू किया और घायल कर दिया. आवाज सुनकर घर के बाहर निकले श्यामापद गोप ने कुत्तों से उसे बचाकर सुरक्षित अपने घर में रखा.

इस दौरान हिरण के शरीर पर कई जगहों पर जख्म होने की वजह से खून निकल रहा था. गोप ने जड़ी बूटी की दवाई देकर उसे तत्काल राहत पहुंचाई. फिर इसकी सूचना बोड़ाम थाना एवं बाद में वन विभाग को दी गयी.बोड़ाम थाने के सहायक अवर निरीक्षक मोहम्मद मजीद ने घटनास्थल पर पहुंचकर जायजा लिया. सूचना पाकर काफी संख्या में ग्रामीण भी हिरण को देखने पहुंचे और पहली बार गांव में हिरण के देखे जाने से लोग तरह तरह के कयास लगाते दिखे.

गांव के पुतुल प्रमाणिक ने बताया कि संभवत दलमा में घूम रहे बाघ की वजह से ही यह हिरण का बच्चा जंगल से भागकर गांव में पहुंच गया था. सुबह करीब 10 बजे पहुंची वन विभाग की टीम ने हिरण को गाड़ी में लादकर ले गयी. इस दौरान वन विभाग के कर्मचारियों ने श्यामापद गोप की प्रशंसा की जिन्होंने कुत्तों के झुंड से हिरण को बचाया

Exit mobile version