Lahar Chakra

Davos: CM हेमंत बोले-झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करने का सपना लेकर दावोस आया हूं, औद्योगिक विकास, रोजगार पर भी बोले

Ranchi. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दावोस में आयोजित विश्व आर्थिक मंच से झारखंड को लेकर बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि वह युवा झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों की कतार में खड़ा करने का सपना लेकर दावोस पहुंचे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके इस प्रयास के पीछे राज्य के पुरखों और बाबा दिशोम गुरुजी के सपनों को साकार करने की भावना है। वैश्विक मंच पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। सीएम हेमंत सोरेन ने बताया कि दावोस में पहले दिन विभिन्न अंतरराष्ट्रीय कंपनियों और निवेशकों के प्रतिनिधियों के साथ बेहद सकारात्मक और उत्साहजनक बैठकें हुईं।

इन बैठकों में झारखंड में निवेश की व्यापक संभावनाओं, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और राज्य के समग्र विकास पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि झारखंड के आगे बढ़ने से राज्य के लोग भी आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होंगे।

उन्होंने कहा कि दावोस विश्व आर्थिक मंच में उनकी भागीदारी झारखंड को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में एक अहम कदम है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में कई ग्लोबल लीडर्स के साथ झारखंड में निवेश को लेकर विस्तृत बातचीत होगी। सीएम सोरेन ने यह भी कहा कि विश्व आर्थिक मंच द्वारा उन्हें दावोस में ‘व्हाइट बैज’ का सम्मान दिया जाना केवल उनका नहीं, बल्कि पूरे झारखंड और राज्यवासियों का सम्मान है। उन्होंने इस अवसर पर झारखंड की जनता को हार्दिक बधाई और जोहार भी दिया।

Exit mobile version