Site icon Lahar Chakra

DAVOS: झारखंड अब टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाने के लिए तैयार, वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में इंफोसिस के साथ बनी सहमति

Ranchi. वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के मंच पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और इंफोसिस ग्लोबल के कार्यकारी उपाध्यक्ष (ईवीपी) आशीष कुमार दास के बीच एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। इस मुलाकात के बाद यह तय हो गया है कि झारखंड अब तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में लंबी छलांग लगाने के लिए तैयार है। कैलिफोर्निया से आए इंफोसिस के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के ‘टेक्नोलॉजी टॉवर’ की परिकल्पना और राज्य की प्रतिभाओं के ‘री-स्किलिंग’ (पुनः कौशल विकास) पर जोर देने की जमकर तारीफ की। विशेष रूप से झारखंड के खनन क्षेत्र को डिजिटल रूप देने की सीएम की सोच को इंफोसिस ने अत्यंत प्रेरणादायक और भविष्योन्मुखी बताया।

झारखंड के युवाओं को एआई और डिजिटल कौशलों में माहिर बनाने के लिए इंफोसिस अपने विंग्सपैन प्लेटफॉर्म’ का इस्तेमाल करेगी। इसके साथ ही, खदानों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा और खनन की दक्षता बढ़ाने के लिए एआई आधारित डिजिटल समाधान लागू किए जाएंगे। इस योजना को जमीन पर उतारने के लिए फरवरी में एक महत्वपूर्ण वर्चुअल सत्र आयोजित किया जाएगा।

नवाचारों को देखने का मिला न्योता तकनीकी सहयोग को मजबूती देने के लिए इंफोसिस ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव अविनाश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को ‘इंफोसिस हाउस’ आने का निमंत्रण दिया है। यहाँ राज्य सरकार की टीम अत्याधुनिक एआई नवाचारों का प्रत्यक्ष अनुभव करेगी।

Exit mobile version