
- एसएसपी, डीजीपी और मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
घाटशिला. अनुमंडल क्षेत्र में अवैध लॉटरी का कारोबार धड़ल्ले से चलाया जा रहा है. अवैध लॉटरी के संचालक रातोंरात करोड़पति बनाने का लालच देकर भोली भाली जनता को अपनी जाल में फँसा रहे हैं और उनकी गाढ़ी कमाई लुट रहें हैं. इस अवैध धंधे को पुलिस की संरक्षण में किया जा रहा है. जिसके कारण संचालको का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे इस धंधे का संचालन मुख्य सड़क पर कार्यालय बनाकर और दुकानों में कर रहें है.
क्षेत्र के युवक और गरीब जनता इनकी अवैध कारोबार की जाल में फँस रहें है. स्थिति इतनी भयावाह हो गयी है कि इसमें विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन एवं मंईया सम्मान योजना जैसी सरकारी योजनाओं से मिलने वाली राशि को भी लोग लॉटरी जैसे गलत धंधे में झोंक दे रहे हैं. यह मामला जिला परिषद, घाटशिला कर्ण सिंह ने उपायुक्त से मिलकर उनके सामने उठाया है.
कर्ण सिंह के अनुसार अवैध लॉटरी के धंधे के कारण घाटशिला में चोरी और छिनतई के मामलों में भी अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है यहाँ तक कि घरों में भी मारपीट और क्लेश की घटनाएं होने लगी है. एक अनुमान के मुताबिक घाटशिला क्षेत्र में 50 लाख रूपए से अधीक का लॉटरी का अवैध कारोबार हो रहा है. आपसी प्रतिस्पर्धा में लॉटरी संचालकों के बीच गैंगवार भी हो रहा है.
अवैध लॉटरी संचालन को तत्काल बंद करने के लिए माननीय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सभी जिले के उपायुक्तों को निर्देश दिया था परंतु आश्चर्य की बात है कि कुछ पुलिस वालों के संरक्षण में आज भी ये धंधा खुलेआम संचालित हो रहा है. कर्ण सिंह ने उपायुक्त से घाटशिला अनुमंडल क्षेत्र के निवासियों के हित में अवैध लॉटरी कारोबार को यथाशीध बंद करने और संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है.
