Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद करने के फैसले के विरोध में सैकड़ों छात्रों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष किया प्रदर्शन

Jamshedpur.जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी, ग्रेजुएट कॉलेज, को-ऑपरेटिव कॉलेज समेत शहर के अलग-अलग डिग्री कॉलेजों के इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों का आक्रोश मंगलवार को फूट पड़ा. इन कॉलेजों के इंटर सेक्शन में इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद करने और छात्रों को अन्य कॉलेजों में स्थानांतरित (शिफ्ट) किए जाने के फैसले के खिलाफ विद्यार्थी सड़क पर उतर आए.सैकड़ों की संख्या में ये छात्र-छात्राएं उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और डीसी ऑफिस के मुख्य द्वार के समक्ष सड़क पर बैठकर कार्यालय का घेराव कर दिया. विद्यार्थियों ने उपायुक्त कार्यालय के समक्ष मेन रोड को जाम कर दिया. वे घंटों सड़क पर बैठ विरोध प्रदर्शन करते रहे.

इंटरमीडिएट बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों छात्रों ने जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. छात्रों ने इंटरमीडिएट की पढ़ाई बंद करने के फैसले को वापस लेने की मांग की. प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि सरकार ने बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए डिग्री कॉलेजों से इंटरमीडिएट सेक्शन हटाने का नोटिस जारी कर दिया है, जिससे हज़ारों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है. दरअसल, जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज, वर्कर्स कॉलेज, विमेंस कॉलेज, और ग्रैजुएट कॉलेज जैसे संस्थानों में इंटरमीडिएट की पढ़ाई वर्षों से चल रही है लेकिन हाल ही में सरकार ने इन डिग्री कॉलेजों से इंटरमीडिएट की पढ़ाई समाप्त करने का आदेश जारी कर दिया है.

छात्रों का कहना है कि अब उन्हें किसी अन्य स्कूल में नामांकन कराने को कहा जा रहा है, जबकि पूरे क्षेत्र में प्रत्येक छात्र के लिए समुचित इंटर कॉलेज उपलब्ध ही नहीं हैं.उन्होंने प्रशासन से अपील की कि पहले वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, उसके बाद ही किसी भी प्रकार का बदलाव लागू किया जाए.

Exit mobile version