Devghar. भगवान शिव की आराधना का पवित्र माह श्रावण की शुक्रवार से शुरुआत हो गई. यह 9 अगस्त तक चलेगा. इस बार सावन में कुल चार सोमवार पड़ेंगे. पहला सोमवार 14 जुलाई को आएगा. इसी दिन सावन का पहला व्रत रखा जाएगा. मान्यता है कि सावन के पहले सोमवार का विशेष महत्व होता है.
वहीं, सावन पर देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए शुक्रवार को आम श्रद्धालुओं और कांवरियों की कतार लग गई. आज सुबह तीन बजे मंदिर का पट खुला. कांचा जल स्नान ओर पारंपरिक सरदारी पूजा विधान से भगवान भोले नाथ की पूजा की गई. इसके बाद अरघा से जलार्पण शुरू किया गया।
जलार्पण के लिए कांवरियों की कतार तड़के सुबह से लगी हुई है. पूरा देवघर बोल बम के नारों की गूंज से गुंजायमान है. सभी कांवरिया कतारबद्ध हो कर बाबा का जयघोष करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहे हैं और जलाभिषेक कर रहे हैं.

मंदिर के पास ही मिलेगी बासुकी धाम जाने के लिए बस
कांवरियों की सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन ने इस बार बड़ा बदलाव किया है. बाबा मंदिर के पास ही अब सीधे बासुकी नाथ जाने के लिए बसें मिलेंगी, जिससे श्रद्धालुओं को स्टेशन या बस स्टैंड नहीं जाना पड़ेगा. खास बात यह है कि केवल प्रशासन द्वारा अनुमति प्राप्त बसों को ही प्रवेश मिलेगा. बसें खासतौर पर उन श्रद्धालुओं के लिए होंगी, जो बासुकी नाथ की यात्रा करना चाहते हैं. जिला प्रशासन ने रूट तय कर दिया है और विशेष पास जारी किए गए हैं.
बाबा नगरी में ऐसी है व्यवस्था
मंदिर में भी 24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सेवा, 160 डॉक्टर, 41 एंबुलेंस और 300 ज़रूरी दवाएं उपलब्ध, मेला क्षेत्र में तैनात रहेंगे एनडीआरएफ, ड्रोन से ब्लड डिलीवरी, पहली बार एआई और ड्रोन का इस्तेमाल, नकली दवाओं, नशाखोरी और मिलावटी भोजन पर होगा कड़ा एक्शन, 90 ड्रॉप गेट, 627 रोड बैरियर, 25 मोजो बैरिकेडिंग, फ्लेक्सिबल बैरियर से सुगम यातायात की व्यवस्था, एआई आधारित 200 कैमरे, 10 ड्रोन, 730 सीसीटीवी, 6 एएनपीआर कैमरे, 50 डीएसपी, 1000 से अधिक इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर, जवान तैनात,.चैटबोट, हेल्पलाइन, फेस रिकॉग्निशन, डेट काउंटिंग और डिजिटल पवेलियन की व्यवस्था,