
Devghar.इस बार श्रावणी मेले में नयी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर सफल संचालन किया जायेगा. पूरे मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुलभ दर्शन व जलार्पण की सुविधा मुहैया कराने की तैयारी पूरी कर ली गयी है. इस बार श्रद्धालुओं को सबसे बेहतर सुविधा मिलेगी. उक्त बातें झारखंड के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सोमवार को देवघर सर्किट हाउस में देवघर और दुमका (बासुकिनाथ) की तैयारी की समीक्षा के दौरान कही.
मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर में किसी को भी वीआइपी ट्रीटमेंट नहीं मिलेगा. साथ ही सप्ताह में दो दिन रविवार और सोमवार को शीघ्रदर्शनम की सुविधा भी नहीं मिलेगी. बैठक में पर्यटन मंत्री ने देवघर और बासुकीनाथ के बीच आवागमन में श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इसको लेकर जिला के अधिकारियों एवं नेशनल हाइवे के अधिकारियों को आपसी समन्वय से आवश्यक व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया.
उन्होंने मेला क्षेत्र में क्यूआर कोड के माध्यम से फीडबैक सिस्टम को बेहतर करने की बात कही, ताकि श्रद्धालुओं की शिकायत मिलते ही समस्या का त्वरित समाधान हो. डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि इस बार मेला क्षेत्र में देवघर और बासुकिनाथ दोनों जगहों पर एआइ बेस्ड इंटीग्रेटेड मेला कंट्रोल रूम, एआइ बेस्ड 200 कैमरा, चैट बोर्ड-इनफॉरमेशन फीडबैक एंड हेल्पलाइन व डिजिटल पवेलियम का उपयोग किया जा रहा है.
