Site icon Lahar Chakra

Devmali Hilltop: देवमाली हिलटॉप पर रात में पर्यटकों की आवाजाही पर रोक, कोरापुट जिले में है ओडिशा की यह सबसे ऊंची चोटी

Koraput. ओडिशा की सबसे ऊंची चोटी देवमाली हिलटॉप पर पारिस्थितिकी की रक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोरापुट जिला प्रशासन ने एक आदेश जारी कर प्रतिदिन रात आठ बजे से सुबह पांच बजे के बीच इस लोकप्रिय स्थल पर पर्यटकों की आवाजाही पर रोक लगा दी है.

कोरापुट जिलाधिकारी वी. कीर्ति वासन ने शुक्रवार को जारी निर्देश जारी किया. उन्होंने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 के विभिन्न प्रावधानों के तहत यह निर्देश जारी किया. यह कार्रवाई अनियमित पर्यटन (विशेष रूप से रात के समय) के संबंध में बढ़ती चिंताओं को लेकर की गई है. आदेश के अनुसार, अब प्रतिदिन रात आठ बजे से सुबह पांच बजे के बीच देवमाली हिलटॉप पर पर्यटकों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी.

स्थानीय पर्यावरणविदों ने इस कदम की सराहना की है. पर्यावरणविद परेश रथ ने कहा, यह पहल जिला प्राधिकारियों द्वारा क्षेत्र के सबसे मूल्यवान प्राकृतिक स्थलों में से एक की सुरक्षा करते हुए पर्यटन को बढ़ावा देने की बढ़ती प्रतिबद्धता को दर्शाती है. आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि देवमाली ओडिशा के सबसे लोकप्रिय प्राकृतिक आकर्षणों में से एक है, जहां 2024 में 4,80,724 पर्यटक आए.

Exit mobile version