धनबाद: यात्रियों की सुरक्षा, रेल संचालन की गुणवत्ता और अधोसंरचना को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से धनबाद रेल मंडल लगातार निरीक्षण और मॉनिटरिंग अभियान चला रहा है। इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अखिलेश मिश्र ने शुक्रवार को धनबाद–बन्धुआ रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलखंड में सुरक्षा, सिग्नलिंग, पुल-पुलियों, टनल और विभिन्न तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रेल प्रशासन का कहना है कि नियमित निरीक्षण का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और विश्वसनीय रेल यात्रा उपलब्ध कराना तथा रेलवे की संरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।
सिग्नलिंग, पुल-पुलियों और टनल की हुई विस्तृत समीक्षा
निरीक्षण के दौरान डीआरएम अखिलेश मिश्र ने पूरे रेलखंड में सिग्नलिंग सिस्टम, रेलवे पुल-पुलियों, टनल तथा अन्य संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए और किसी भी तकनीकी कमी को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।रेल संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने पर विशेष जोर दिया गया।
एलएचएस का किया निरीक्षण, सुरक्षा इंतजामों की जांच
निरीक्षण के क्रम में निमियाघाट और पारसनाथ स्टेशन के बीच स्थित लिमिटेड हाइट सबवे (LHS) का भी निरीक्षण किया गया। डीआरएम ने यहां उपलब्ध सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए, ताकि सड़क और रेल यातायात दोनों सुरक्षित तरीके से संचालित हो सकें।
पारसनाथ और हजारीबाग रोड स्टेशन पर विकास कार्यों की समीक्षा
डीआरएम ने पारसनाथ तथा हजारीबाग रोड रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं तथा फुट ओवर ब्रिज (FOB) सहित चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
गझंडी स्टेशन के तकनीकी सिस्टम की जांच
निरीक्षण के अंतिम चरण में गझंडी रेलवे स्टेशन के पैनल रूम, रिले रूम तथा अन्य महत्वपूर्ण तकनीकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। डीआरएम ने यहां संरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए तकनीकी उपकरणों की कार्यक्षमता और रखरखाव की जानकारी ली।
रेल प्रशासन ने दोहराया कि आधुनिक तकनीक और नियमित निगरानी के माध्यम से धनबाद मंडल में सुरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित किया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं रेलवे कर्मचारी भी उपस्थित रहे।