Lahar Chakra

DHANBAD NEWS: धनबाद मंडल में मेगा टिकट चेकिंग अभियान, 521 यात्री पकड़े गए; 4.75 लाख रुपये जुर्माना वसूला

धनबाद: पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद मंडल में बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। सुनियोजित तरीके से दिन-रात चले इस विशेष अभियान में कुल 521 यात्रियों को पकड़ा गया। इनसे जुर्माने के रूप में 4,75,920 रुपये वसूले गए।

बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वालों पर कार्रवाई

रेलवे की जांच टीमों ने विभिन्न स्टेशनों के साथ-साथ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में भी टिकटों की जांच की। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले तथा बिना बुक कराए सामान के साथ सफर करने वाले यात्री पकड़े गए।

रेलवे ने पकड़े गए यात्रियों से निर्धारित जुर्माना वसूलने के साथ भविष्य में उचित टिकट लेकर ही यात्रा करने की सख्त हिदायत दी।

रेलवे ने यात्रियों से की अपील

अभियान के दौरान स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई। धनबाद मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे उचित टिकट लेकर ही स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म में प्रवेश करें। साथ ही, यात्रियों को जिस श्रेणी का टिकट जारी किया गया है, उसी श्रेणी में यात्रा करने की सलाह दी गई है।

रेलवे के अनुसार, धनबाद मंडल में टिकट जांच अभियान लगातार जारी है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version