
Jamshedpur. धनबाद पुलिस और प्रिंस खान गिरोह के बीच मंगलवार को मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया. अपराधी जमशेदपुर के कदमा का रहने वाला भानु माझी है, जिसके पैर में गोली लगी है. भानु माझी पर जमशेदपुर समेत कई इलाका में आपराधिक मुकदमा दर्ज है. मुठभेड़ की घटना धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र के राजगंज में मंगलवार की सुबह हुई है. पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक अपराधी भानु मांझी को गोली लगी है. जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी वाटर प्लांट के पास बैठकर अपराध की योजना बना रहे हैं, जिसके बाद तेतुलमारी थाना की पीसीआर टीम मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही बदमाश भानु माझी ने पीसीआर वाहन पर फायरिंग शुरू कर दी.
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई. घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर इलाज के लिए धनबाद के असर्फी अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. मौके से एक बाइक और हथियार बरामद हुआ है. घटना की सूचना पर एसएसपी प्रभात कुमार सहित तमाम पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंच कैम्प कर रहे है.
इस संबंध में धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मुठभेड़ में घायल भानु मांझी एक वांछित अपराधी है. उसके खिलाफ जमशेदपुर, बोकारो और धनबाद में कई मामले दर्ज है. पिछले दिनों राजगंज पेट्रोल मम्प पर हुई फायरिंग में भी यह शामिल था. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी, भगोड़ा प्रिंस खान के लिए यहाँ भय फैलाने का काम करता था.
मौके से पुलिस ने भानु को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ शुरू कर दी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, भानु मांझी ने अपने साथियों के साथ धनबाद स्थित राजलक्ष्मी पेट्रोल पंप पर फायरिंग की थी. इस मामले में धनबाद पुलिस ने 12 अक्टूबर को जमशेदपुर के सोनारी पुल के पास से कदमा निवासी आशीष सिंह को गिरफ्तार किया था.