Lahar Chakra

DHANBAD NEWS: DRM अखिलेश मिश्र ने धनबाद-गझंडी रेलखंड का किया निरीक्षण, कोडरमा स्टेशन के निर्माण कार्यों का भी लिया जायजा

ट्रैक, सिग्नलिंग और पुल-पुलियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बन रहे नए स्टेशन भवन की प्रगति जांची

धनबाद। रेल परिचालन की सुरक्षा और यात्री सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अखिलेश मिश्र ने शुक्रवार को धनबाद-गझंडी रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलखंड पर ट्रैक की स्थिति, सिग्नलिंग व्यवस्था, पुल-पुलियों और रेल परिचालन से जुड़ी सुरक्षा एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में DRM ने गझंडी स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा की। इसके साथ ही वरीय सहायक मंडल अभियंता कार्यालय और रेलवे कॉलोनी का भी जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक पहलुओं की समीक्षा की गई।

कोडरमा स्टेशन पर अमृत भारत योजना के कार्यों का निरीक्षण

गझंडी के बाद मंडल रेल प्रबंधक ने कोडरमा स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। यहां अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए जा रहे नए स्टेशन भवन के निर्माण कार्यों की प्रगति देखी।

उन्होंने निर्माण कार्यों के साथ यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंडल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

रेलवे के इस निरीक्षण का उद्देश्य रेलखंड पर संरक्षा व्यवस्था, स्टेशन सुविधाओं और स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना रहा।

Exit mobile version