Site icon Lahar Chakra

Dhanbad NEWS: चोपन-प्रयागराज एक्सप्रेस से गिरकर घायल हुई महिला यात्री, रेलवे कर्मियों ने तत्काल पहुंचाई चिकित्सा सहायता

धनबाद। गाड़ी संख्या 13309 चोपन-प्रयागराज एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला यात्री ट्रेन से गिरकर घायल हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला यात्री को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई और बेहतर उपचार के लिए अस्पताल रेफर कराया।

घटना की जानकारी प्राप्त होने पर चोपन के सीआईटी उमेश सिंह ने महिला यात्री को तत्काल अटेंड किया। प्राथमिक सहायता के लिए उन्हें प्राथमिक उपचार केंद्र, चोपन भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला यात्री की स्थिति को देखते हुए बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज (लोढ़ी) रेफर किया गया।

बताया गया कि घायल महिला यात्री के साथ उनके पति भी मौजूद थे। दोनों चोपन से सोनभद्र की ओर जा रहे थे। महिला यात्री और उनके पति ने गाड़ी संख्या 13309 चोपन-प्रयागराज एक्सप्रेस से नगर उंटारी से चोपन तक यात्रा के लिए टिकट लिया था।

रेलवे कर्मियों की इस तत्परता से घायल महिला यात्री को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। घटना के बाद रेलवे स्टाफ ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए यात्री की सहायता की।

धनबाद मंडल के अधिकारियों के अनुसार, टिकट चेकिंग स्टाफ की जिम्मेदारी केवल यात्रियों के टिकट की जांच तक सीमित नहीं है। जरूरत पड़ने पर टिकट चेकिंग कर्मचारी यात्रियों की सहायता और आपात स्थिति में सहयोग के लिए भी तत्पर रहते हैं।

धनबाद मंडल की ओर से कहा गया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी आपात स्थिति में रेलवे कर्मचारी यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय रहते हैं।

 

Exit mobile version