
New Delhi. सार्वजनिक क्षेत्र के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, ईपीएफओ पेंशनधारकों को उनके घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सेवाएं प्रदान करेगा. दोनों संगठनों के बीच इसको लेकर एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं. इस सहयोग के तहत, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) अपने 1.65 लाख से अधिक डाकघरों और तीन लाख डाक सेवा प्रदाताओं (डाकिया और ग्रामीण डाक सेवक) के व्यापक नेटवर्क का लाभ उठाएगा, जो बैंकिंग उपकरणों से लैस हैं.
ये उपकरण चेहरे की पहचान तकनीक और ‘फिंगरप्रिंट’ बायोमेट्रिक सत्यापन की डिजिटल प्रक्रिया के लिए उपयोग किए जाते हैं ताकि ईपीएफओ पेंशनधारकों को उनके डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में सहायता मिल सके. इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक ने कर्मचारी पेंशन योजना, 1995 के तहत अपने पेंशनधारकों को घर पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र सेवाएं प्रदान करने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं.
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) पेंशनधारकों को हर साल सत्यापन के लिए कार्यालय आने के बजाय ऑनलाइन सत्यापन करने में मदद करता है. इससे उन्हें पारंपरिक कागज-आधारित प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक शाखाओं या ईपीएफओ कार्यालयों में जाने की जरूरत समाप्त हो जाती है.
