
Ranchi : झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के संस्थापक, राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरू शिबू सोरेन की हालत गंभीर बनी हुई है. वे दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती हैं और आईसीयू में डॉक्टरों की विशेष निगरानी में हैं. झामुमो के प्रवक्ता मनोज पांडेय ने शुक्रवार को बताया कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की स्थिति चिंताजनक है, हालांकि उनकी हालत स्थिर बनी हुई है. न तो कोई विशेष सुधार हुआ है और न ही गिरावट दर्ज की गई है. उन्हें ब्रेन स्ट्रोक हुआ है, जिससे उनके शरीर का बायां हिस्सा पैरेलाइज्ड हो गया है. उनका इलाज न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञों की एक टीम कर रही है.
मनोज पांडेय ने कहा कि झारखंड और झारखंडवासियों को अभी भी गुरुजी के मार्गदर्शन की आवश्यकता है. झामुमो समर्थकों और आमजन से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करने की अपील की गई है. गुरुवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी अस्पताल पहुंचकर शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी. इससे पहले झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी अस्पताल जाकर गुरुजी से मुलाकात कर चुके हैं.
शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर भाजपा ने मेडिकल बुलेटिन जारी करने की मांग की है. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने कहा कि गुरुजी न केवल पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद हैं, बल्कि झारखंड सरकार की समन्वय समिति के प्रमुख भी हैं. ऐसे में सरकार या पीआईबी को अधिकृत मेडिकल बुलेटिन जारी करना चाहिए, ताकि जनता में किसी भी तरह की गलतफहमी न फैले.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी शिबू सोरेन के स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने की सूचना से मन अत्यंत चिंतित है. ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूं.”
गौरतलब है कि 81 वर्षीय शिबू सोरेन लंबे समय से किडनी, डायबिटीज और हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं. वे एक साल से डायलिसिस पर हैं और पहले भी उनकी बायपास सर्जरी हो चुकी है.
