
Ranchi : झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल रिम्स में एक बड़ा मामला सामने आया. यहां महिला एवं प्रसूति रोग विभाग के एक डॉक्टर अचानक चाय पीने के बाद बेहोश हो गए. उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल वे वेंटिलेटर पर हैं. जानकारी के अनुसार, विभाग के सात डॉक्टरों ने कैंटीन से चाय मंगाई थी. इसी दौरान एक डॉक्टर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए. घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया. प्रारंभिक जांच में चाय में किसी तरह का जहर या हानिकारक पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
रिम्स प्रबंधन ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है और जांच शुरू कर दी है. डॉक्टरों के बयान लिए जा रहे हैं और कैंटीन से लाई गई चाय के सैंपल की भी जांच कराई जा रही है. प्रबंधन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना से अस्पताल परिसर में सनसनी फैल गई है. मरीजों और उनके परिजनों के बीच भी दहशत का माहौल है.
