


Jamshedpur.कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कालेज में एक महिला चिकित्सक के साथ हुई दुष्कर्म और हत्या के विरोध में जूनियर चिकित्सकों का हड़ताल जारी है. सोमवार को भी जूनियर डाक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) के बैनर तले महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कालेज अस्पताल में हड़ताल की घोषणा की गई है. हालांकि, अधीक्षक डा. रवींद्र कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त व एसडीओ को पत्र लिखा है. एमजीएम अस्पताल में बीते तीन दिनों से ओपीडी सेवा प्रभावित है. रोजाना एक हजार से अधिक मरीज इलाज कराने आते हैं. बीते तीन दिनों से ओपीडी बंद रहने से मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ रही है. वहीं, जेडीए के अध्यक्ष गणेश श्रीवास्तव व प्रदेश सचिव डा. राघवेंद्र ने बताया कि जब तक चिकित्सकों की मांग पूर्ण नहीं हो जाती, तब तक हड़ताल जारी रहेगा. हालांकि, इसे लेकर राष्ट्रीय स्तर पर सरकार से बातचीत चल रही है. कोई ठोस निर्णय होते ही हड़ताल को खत्म कर दिया जाएगा.



