Site icon Lahar Chakra

Droupdi Murmu: राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने पूर्वजों की आत्माओं की शांति के लिए जाजपुर के बिरजा मंदिर में किया ‘पिंड दान’ अनुष्ठान

Jajpur. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ‘पिंड दान’ अनुष्ठान करने के लिए मंगलवार सुबह ओडिशा के जाजपुर जिले में बिरजा मंदिर पहुंचीं। मुर्मू ने अपने पूर्वजों की आत्माओं की शांति के लिए मंदिर परिसर में स्थित पवित्र तालाब ‘नवी गया’ में ‘पिंड दान’ किया। पौराणिक कथाओं के अनुसार, राक्षस गयासुर का भगवान विष्णु द्वारा वध किए जाने के बाद उसका शरीर तीन भागों में विभाजित हो गया। उसका सिर बिहार के गया में, उसके पैर आंध्र प्रदेश के पीठापुरम में और नाभि ओडिशा के जाजपुर में गिरी।

‘पिंड दान’ अनुष्ठान शुरू करने से पहले मुर्मू ने 13वीं शताब्दी के इस मंदिर में पूजा की, जहां देवी बिरजा की पूजा दुर्गा के दो हाथों वाले रूप में की जाती है, जिसमें वह एक हाथ से महिषासुर की छाती में भाला घोंप रही हैं और दूसरे हाथ से उसकी पूंछ खींच रही हैं। एक अधिसूचना के अनुसार, राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर जाजपुर कस्बे और उसके आसपास के इलाकों के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। मंगलवार को बाद में मुर्मू बालासोर में फकीर मोहन विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी।

Exit mobile version