Lahar Chakra

Droupdi Murmu: राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने संयुक्त रूप से ओलचिकी लिपि के शताब्दी समारोह का विधिवत किया उद्घाटन, कस्तूरबा की छात्राओं ने महामहिम का किया अभिनंदन

Jamshedpur. जमशेदपुर के करनडीह स्थित दिशोम जाहेर आज इतिहास के सुनहरे पन्नों में दर्ज हो गया. देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अब मुख्य मंच पर पहुंच चुकी हैं. उनके मंच पर आते ही पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और पारंपरिक जयघोष से गूंज उठा. राष्ट्रपति के साथ झारखंड के राज्यपाल और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संयुक्त रूप से ओलचिकी लिपि के शताब्दी समारोह का विधिवत उद्घाटन किया.

मंच पर महामहिम के स्वागत का दृश्य बेहद भावुक और गौरवपूर्ण था. पटमदा के बांगुरडा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने अपने शानदार ‘पाइपर बैंड’ के साथ महामहिम का अभिनंदन किया. छात्राओं ने बैंड की मधुर धुनों पर जन-गण-मन (राष्ट्रगान) बजाकर वातावरण को देशभक्ति और अनुशासन से ओत-प्रोत कर दिया.

दर्शकों से लगभग भर गया जाहेरथान कार्यक्रम स्थल
करनडीह स्थित दिशोम जाहेरथान प्रांगण में ऑल इंडिया संताली राइटर्स एसोसिएशन और दिशोम जाहेरथान कमेटी की ओर से 22वें संताली परसी माहा एवं ओलचिकी शताब्दी समारोह के समापन समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भाग ले रही हैं. सुबह 10.30 बजे तक कार्यक्रम स्थल लगभग भर गया है..अभी भी डेलीगेट कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश कर रहे हैं। इसमें 800 डेलीगेट भाग ले रहे हैं.

Exit mobile version