
Chaibasa : चाईबासा जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. जगन्नाथपुर-जैंतगढ़ मुख्य सड़क पर स्थित कांकुवा नदी की पुलिया का एप्रोच रोड भारी बारिश में बह गया, जिससे इस मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है. इससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानी हो रही है.
रविवार को क्षेत्र की पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया.
निरीक्षण के दौरान गीता कोड़ा ने पीडब्लूडी अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिया की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू किया जाए और तब तक वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की जाए. उन्होंने कहा कि आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए.
पूर्व सांसद ने यह भी बताया कि बारिश के कारण जिले में कई सड़कें, पुल और स्कूल भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं. साथ ही कई ग्रामीणों के कच्चे मकान भी ढह गए हैं.
निरीक्षण के समय भाजपा जगन्नाथपुर मंडल अध्यक्ष राई भूमिज, रोहित कुम्हार, दयानिधि प्रधान, घनश्याम दास, संजीव कुम्हार और अन्य स्थानीय लोग मौजूद थे.
गीता कोड़ा ने जिला प्रशासन से मांग की कि सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत तत्काल की जाए. बारिश से प्रभावित गरीब परिवारों को मुआवजा दिया जाए. साथ ही इन परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा जाए. उन्होंने मांग की कि बारिश के बाद सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कर दुर्घटनाओं को रोका जाए.
