


Dumka. हंसडीहा स्थित इंडियन बैंक की शाखा से हथियारबंद अपराधियों ने दिन-दहाड़े 20 लाख रुपये लूट लिये है. गुरुवार की दोपहर बाइक से आये पांच अपराधी एक-एक कर बैंक के अंदर घुसे और पिस्तौल दिखा लूट की घटना को अंजाम दिया. सीसीटीवी फुटेज में लूट के दौरान अपराधियों की एक-एक गतिविधि कैद हुई है. अंदर घुस कर चार अपराधियों ने बैंक के अंदर मौजूद सभी ग्राहकों को एक केबिन में बंद कर दिया. इस दौरान बैंक में नियुक्त एक आउटसोर्सिंग कर्मी द्वारा बैंक के मुख्य दरवाजे को बंद करने का प्रयास किया गया, तो अपराधियों ने उ सपर पिस्तौल की बट से हमला कर उसे घायल कर दिया.
इसके बाद कैश काउंटर से रुपया लूट कर सभी अपराधी उसे थैले-बैग में लेकर बाहर निकले व बाइक पर सवार होकर फरार हो गये. बताया जाता है कि अपराधियों ने बेहद कम समय में घटना को अंजाम देकर आराम से चलते बने.घटना की सूचना पर एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार भी हंसडीहा पहुंचे और इंडियन बैंक की उक्त शाखा पहुंच कर घटना का जायजा लिया. उन्होंने कहा कि इस घटना में कहां चूक हुई है, इसकी समीक्षा करेंगे. घटना का उद्भेदन जल्द हो जायेगा.



