
Jamshedpur. डुरंड कप का तीसरा क्वार्टरफाइनल 17 अगस्त (रविवार) को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा. शाम चार बजे होगा. जिसमें मेजबान जमशेदपुर एफसी का सामना पहली बार डूरंड कप खेल रही डायमंड हार्बर एफसी से होगा. टीम के कोच स्टीवन डायस ने कहा कि हम पहली बार डायमंड हार्बर एफसी का सामना करने जा रहे हैं, जो कि एक मजबूत टीम है. और पिछले 23 मैचों से अजेय रही है. हमें सतर्क और केंद्रित रहना होगा. हमारी टीम तैयार है. जमशेदपुर ने ग्रुप स्टेज में त्रिभुवन आर्मी एफसी को 3-2, इंडियन आर्मी एफटी को 1-0 और लद्दाख एफसी को 2-0 से मात दी है. वहीं डायमंड हार्बर ने मोहम्मडन एससी को 2-1 और बीएसएफ को 8-1 से हराया है. लेकिन मोहन बागान सुपर जाइंट से उन्हें 1-5 की हार झेलनी पड़ी. बावजूद इसके, 4 के गोल डिफरेंस की बदौलत वे क्वार्टरफाइनल में अपनी जगह पक्की करने में सफल रही.
डायमंड हार्बर टीम के मुख्य कोच किबू विकुना ने मैच से पहले आत्मविश्वास जताया. उन्होंने कहा कि पिछले मैच में हम नतीजा नहीं ला सके, लेकिन फुटबॉल में यह होता है. अहम यह है कि हम अपनी गलतियों से सीखें, फोकस बनाए रखें और पूरी एकाग्रता के साथ अगला मैच खेलें. हमें पता है कि जमशेदपुर एफसी एक आइएसएल टीम है और उनके पास शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन हम किसी भी हाल में अपना सफर क्वार्टरफाइनल में खत्म नहीं होने देंगे.
