Ranchi. निर्वाचन आयोग ने सात राज्यों के उन मतदाताओं को एक और मौका देने का शुक्रवार को फैसला किया, जिन्हें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या दोहरी प्रविष्टि (एएसडीडी) वाली श्रेणी में चिह्नित किया गया था। इन मतदाताओं को गणना प्रपत्र जारी किये गये थे, लेकिन ये प्रपत्र वापस नहीं मिले थे। इसके कारण जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के दौरान उनके नाम मसौदा मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाये थे।

ये निर्देश दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना और नागालैंड के लिए लागू होंगे। निर्वाचन आयोग ने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने के लिए निगरानी तंत्र स्थापित करने को भी कहा है कि कोई भी पात्र मतदाता अंतिम मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के अवसर से वंचित न रहे और साथ ही दोहरी प्रविष्टियों को भी रोका जा सके।


