
Ranchi : झारखंड में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सर्वदलीय एकजुटता देखने को मिली है। राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन सहित राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के दिग्गज नेताओं ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में भारतीय सेना की साहसिक कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की खुलकर प्रशंसा की है.
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए लिखा, “जय हिंद…ऑपरेशन सिंदूर.” वहीं, राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी ‘एक्स’ पर देशभक्ति से ओतप्रोत शब्दों में लिखा, “भारत माता की जय! जय हिंद! ऑपरेशन सिंदूर!”
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड इकाई ने भी भारतीय सशस्त्र बलों की इस महत्वपूर्ण कार्रवाई का पुरजोर स्वागत किया है. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पूरे देश को अपनी वीर सेना पर गर्व है और यह सैन्य अभियान आतंकवादी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के लिए एक करारा और उचित जवाब है.
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य संजय कुमार जायसवाल ने बुधवार को सेना की कार्रवाई पर खुशी का इजहार किया. भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तिरंगा झंडा लहराकर खुशी का इजहार किया.संजय कुमार जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं, जिस तरह आतंकवादियों ने कायराना हरकत किया.
पीओके में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई
गौरतलब है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने बीते मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में स्थित 9 आतंकवादी ठिकानों पर अचूक मिसाइल हमले किए थे. इन हमलों में बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का एक प्रमुख ठिकाना भी शामिल था. यह सैन्य कार्रवाई हाल ही में पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले के ठीक दो सप्ताह बाद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई, जिसमें 26 निर्दोष भारतीय नागरिकों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी.
आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई की शुरुआत : बाबूलाल मरांडी
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के बाद पूरे देश में भारतीय सेना की प्रशंसा हो रही है.भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सराहना की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बाबूलाल मरांडी ने लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस्लामिक आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई प्रारंभ कर दी है.
