
Ranchi. आयुष्मान भारत योजना से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में प्रवर्तन निदेशालय (इडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रांची के जिला समन्वयक आशीष रंजन के ठिकानों से 16.50 लाख रुपये नकद बरामद किये हैं. शुक्रवार सुबह शुरू हुई छापेमारी देर रात तक चली और कुल 21 स्थानों पर तलाशी ली गयी. इस दौरान इडी ने कुल 18.50 लाख रुपये जब्त किये, जिनमें से दो लाख रुपये पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के पीएस ओम प्रकाश नामक व्यक्ति के घर से मिले. ओम प्रकाश के यहां से फ्लैट और जमीन से जुड़े कई दस्तावेज भी बरामद किये गये हैं, जिनकी जांच जारी है. इडी ने थर्ड पार्टी असेसमेंट में लगी कंपनियों से जुड़े लोगों के ठिकानों से डिजिटल डिवाइस, लैपटॉप और कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जब्त किये हैं, जिनसे योजना में गड़बड़ी की पुष्टि हो सकती है.
