Site icon Lahar Chakra

Elephant Dead: पांच साल का हाथी मृत पाया गया, 15 दिन पूर्व हुआ था जख्मी, मथुरा से पहुंची टीम कर रही थी इलाज

Simdega. झारखंड के सिमडेगा जिले में पांच वर्षीय एक हाथी मृत पाया गया. वन विभाग के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि यह हाथी पिछले 15 दिनों से अपने दाहिने पैर में चोट से पीड़ित था और बुधवार को बोलबा ब्लॉक के अवगा-घरसा जंगल में यह मृत पाया गया. वन रेंज अधिकारी एस.एस. चौधरी ने बताया कि ग्रामीणों ने करीब 15 दिन पहले हाथी को घायल अवस्था में देखा था.
वन रेंज अधिकारी ने कहा कि हाथी को भोजन और उपचार उपलब्ध कराया गया और उसकी निगरानी के लिए दो लोगों को भी तैनात किया गया था. हाथी धीरे-धीरे ठीक हो रहा था. उन्होंने कहा कि मथुरा से पहुंची वन्यजीव विशेषज्ञों की एक टीम भी हाथी के उपचार प्रक्रिया में लगी थी.

चौधरी ने कहा कि टीम ने मंगलवार को हाथी का इलाज किया लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी और बुधवार को वह मृत मिला. घाव के कारण के बारे में पूछे जाने पर रेंज अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि हाथी को पकड़ने का प्रयास किया गया था. उन्होंने कहा कि इस संबंध में जांच की जा रही है.

Exit mobile version