New Delhi.आईडीबीआई बैंक के कर्मचारी संगठनों ने कनाडा की कंपनी फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को बैंक की बिक्री की प्रस्तावित योजना के विरोध में तीन दिसंबर को एक दिन की देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। ऑल इंडिया आईडीबीआई ऑफिसर्स एसोसिएशन (एआईआईडीबीओए) और ऑल इंडिया इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (एआईआईडीबीईए) से मिलकर बने यूनाइटेड फोरम ऑफ आईडीबीआई ऑफिसर्स एंड एम्प्लॉइज (यूएफआईओई) ने यह हड़ताल बुलाई है।
इस महीने की शुरुआत में भी यूएफआईओई ने फेयरफैक्स को बैंक की बहुलांश हिस्सेदारी बेचने की प्रस्तावित योजना के विरोध में दो दिन की देशव्यापी हड़ताल की थी। आईडीबीआई बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) को दिए गए हड़ताल के नोटिस में यूएफआईओई ने कहा है कि यह हड़ताल देशभर में बैंक की सभी शाखाओं और कार्यालयों में की जाएगी।
कर्मचारी संगठनों ने सरकार और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) से आईडीबीआई बैंक को फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स को बेचने की प्रस्तावित योजना रोकने की मांग की है। उन्होंने बैंक को राष्ट्रीय संपत्ति बताया है। संगठनों ने चेताया है कि मांगें पूरी नहीं होने पर उनका आंदोलन तेज होगा। इसके तहत एक दिन से अधिक समय तक हड़ताल और बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के अनिश्चितकालीन हड़ताल भी की जा सकती है।
