New Delhi. नौकरीपेशा लोगों के लिए इपीएफओ ने अच्छी खबर दी है. इपीएफओ ने करोड़ो सब्सक्राइबर्स के लिए दो बड़ी सुविधाओं का ऐलान किया है. केंद्रीय श्रम मंत्री डॉ मनसुख मांडविया ने रविवार को इपीएफओ की दो नयी सुविधाओं – व्हाट्सअप सेवाओं और निष्क्रिय पीएफ खातों के ऑटोमैटिक सेटलमेंट की शुरुआत की है. इपीएफओ की नयी व्हाट्सअप सेवा के जरिये सदस्य अपने पीएफ खाते का बैलेंस की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. इसके अलावा, खाते में हुई पिछली पांच ट्रांजेक्शन की जानकारी और पासबुक से जुड़ी जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे. इस सुविधा का एक और फायदा है. सदस्यों को उनकी जरूरत के हिसाब से मार्गदर्शन और सहायता भी मिलेगी. खासतौर पर प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से जुड़ी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने में मदद दी जायेगी. इपीएफओ ने उन लोगों के लिए भी राहत की पहल की है, जिनके पीएफ खाते लंबे समय से निष्क्रिय पड़े हैं.
कई बार नौकरी बदलने या दूसरी वजहों से पुराने पीएफ खातों में छोटी रकम जमा रह जाती है. ऐसे खातों से पैसा निकालने के लिए अलग से क्लेम करना पड़ता है. अब आधार से सत्यापित ऐसे निष्क्रिय पीएफ खातों में, जिनमें 1,000 रुपये तक बैलेंस है, इपीएफओ खुद सेटलमेंट की प्रक्रिया शुरू करेगा. इसके लिए खाताधारक की पहचान और बैंक खाते का निर्धारित तरीके से सत्यापन किया जायेगा.
इसके बाद पात्र रकम सही लाभार्थी तक पहुंचाई जायेगी. इस पहल से लाखों खातों को फायदा मिलने की उम्मीद है. इन खातों में कुल मिलाकर लगभग पांच करोड़ रुपये जमा हैं. यानी छोटी-छोटी रकम के लिए भी लोगों को अलग से क्लेम करने की परेशानी कम हो सकती है. इस सुविधा से सदस्यों को सामान्य सेवाओं के लिए इपीएफओ कार्यालय जाने की जरूरत कम होगी.
