Site icon Lahar Chakra

टाटा पावर कंपनी पर रैयतों ने लगाया आरोप, कहा – फ्लाई ऐश से खेत हो गये बंजर, किसानों की आजीविका पर संकट

Jamshedpur : जमशेदपुर में बिरसानगर थाना क्षेत्र के हुरलुंग गांव के अनुसूचित जनजाति वर्ग के रैयत किसानों ने टाटा पावर कंपनी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनकी खेती योग्य जमीन पर बिना अनुमति फ्लाई ऐश डंप कर दिया है. इससे उनकी फसल बर्बाद हो गई है. किसानों ने सोमवार को जिला उपायुक्त, अंचलाधिकारी और बिरसानगर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है. वे खेती के उपकरण लेकर जिला मुख्यालय पहुंचे थे.

किसानों का कहना है कि वे वर्षों से इस जमीन पर खेती कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं. लेकिन अब टाटा पावर कंपनी ने भू-माफियाओं की मदद से उनके खेतों में फ्लाई ऐश डंप करवा दिया, जिससे उनकी धान की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है.

बारिश के कारण फ्लाई ऐश खेतों में फैलकर सख्त परत बन गई है, जिससे जमीन की उपजाऊ शक्ति खत्म हो गई है और किसानों की आजीविका पर बड़ा संकट आ गया है.

किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि टाटा पावर कंपनी और इसमें जुड़े भू-माफियाओं के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया जाए. साथ ही खेतों से फ्लाई ऐश हटाकर जमीन को पहले जैसी हालत में लाया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए.

गांव के ग्राम प्रधान कपिल देव मुंडा और महेश्वर मुंडा ने भी किसानों के साथ जिला प्रशासन से त्वरित जांच और न्याय की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्दी कार्रवाई नहीं हुई तो गांव के लोग बड़ा आंदोलन कर सकते हैं.

किसानों ने अपने आवेदन के साथ जमीन का पूरा विवरण, खाता-पुस्तक और स्थल की तस्वीरें भी प्रशासन को सौंप दी हैं.

Exit mobile version