
Kapali. जमशेदपुर से सटे कपाली ओपी क्षेत्र में शनिवार रात केजीएन मेडिकल स्टोर में पांच बाइक सवार बदमाशों ने रंगदारी नहीं मिलने पर ताबड़तोड़ फायरिंग की. दुकानदार साहिल के अनुसार, रात करीब 10 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे, तभी बदमाशों ने दुकान में घुसकर 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की. विरोध करने पर बदमाशों ने कमर से पिस्तौल निकालकर 4 से 5 राउंड फायरिंग कर दी, जिससे दुकानदार और उनके परिजन डर के मारे दुकान छोड़कर भाग निकले. हालांकि साहिल इस फायरिंग में बाल- बाल बच गये. इसके बाद बदमाशों ने उनकी दुकान में जमकर तोड़फोड़ की. साथ ही गल्ले से करीब 40 हजार रुपये लेकर फरार हो गये. अपराधियों ने भागने के क्रम में भी हवाई फायरिंग की. मोबाइल भी ले गये. घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. घटनास्थल से पुलिस को चार खोखा और दो जिंदा कारतूस मिले हैं.पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने में जुटी है.
