
- – हेमंत राज में हिंदुओं पर हो रहा अत्याचार : रघुवर
देवघर. पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास रविवार को पूरे परिवार के साथ देवघर में बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना की. पूजा करने के बाद उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की और राज्य सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने होली के दौरान गिरिडीह में हुई हिंसक झड़प को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में किसी की हिम्मत नहीं थी कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सके. उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन पार्ट-2 में दंगे हो रहे हैं. इंडिया गठबंधन पार्ट-1 में भी रांची और लोहरदगा में दंगे हुए थे. पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के कारण राज्य में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा है.
दास ने कहा कि जब-जब कांग्रेस-झामुमो और राजद की सरकार बनती है, तब-तब सांप्रदायिक तनाव बढ़ता है. सरकार से अपील है कि वह ऐसे उपद्रवियों को चिह्नित करे और उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करे.
उन्होंने जोर देकर कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार में जिस तरह की स्थिति बनती है यह तुष्टिकरण की राजनीति है. वोट बैंक की राजनीति है. इसी वजह से राज्य में हिंदुओं पर अत्याचार होते हैं. सरकार यदि इस तरह से राजनीति करेगी तो भाजपा इसका मुंहतोड़ जवाब देगी.
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूरे परिवार संग बासुकीनाथ धाम में मत्था टेका
दुमका पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास चैत माह के कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि रविवार को तीर्थ नगरी बासुकीनाथ धाम सपरिवार पहुंचे. जहां उन्होंने अपने पैतृक पंडा के मौजूदगी में विद्वान वैदिक पंडितों संग पूरे विधि विधान के साथ षोड्षोपचार विधि-विधान से फौजदारीनाथ का जलाभिषेक किया.
जिला के जरमुंडी भाजपा विधायक देवेंद्र कुंवर की बड़ी भाभी चंद्रप्रभा देवी के श्राद्ध कर्म में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधायक देवेंद्र कुंवर के निजी आवास पर रविवार को पहुंचे. स्वागत के बाद दास ने दिवंगत चंद्रप्रभा देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना किया.
