
Chhapra : हजारीबाग जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे पूर्व सांसद और बाहुबली नेता प्रभुनाथ सिंह को उनके छोटे भाई दीनानाथ सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल पर छोड़ा गया है. शुक्रवार देर रात वे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने गांव मशरक पहुंचे. एम्स दिल्ली में इलाज के दौरान दीनानाथ सिंह का निधन हो गया था. शनिवार यानि आज छपरा के डोरीगंज घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. भाई के पार्थिव शरीर को देख प्रभुनाथ सिंह फफक कर रोने लगे. हालत बिगड़ने पर उन्हें लोगों ने संभाला और बरामदे में बैठाया. प्रभुनाथ सिंह की एक झलक पाने और हालचाल जानने के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे.
हत्या मामले में सजा काट रहे हैं प्रभुनाथ सिंह
प्रभुनाथ सिंह को सुप्रीम कोर्ट ने 1995 में हुए डबल मर्डर केस में उम्रकैद की सजा सुनाई है. यह हत्या मसरख (छपरा) के एक मतदान केंद्र पर हुई थी, जहां दो लोगों – दारोगा राय (47) और राजेंद्र राय (18) – की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. आरोप है कि ये हत्याएं प्रभुनाथ सिंह के उम्मीदवार को वोट न देने के कारण कराई गई थीं. इसके अलावा वे एक अन्य हत्या के मामले में झारखंड के हजारीबाग जेल में सजा काट रहे हैं.
उनके भाई दीनानाथ सिंह को भी एक मामले में सजा मिली थी, लेकिन बीमारी के चलते उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.
लालू यादव से रही है करीबी
प्रभुनाथ सिंह बिहार की राजनीति में एक प्रभावशाली नाम रहे हैं. वे महाराजगंज से तीन बार सांसद रह चुके हैं और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी माने जाते हैं.
