
Jamshedpur. टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा की जयंती 3 मार्च को कंपनी हर साल संस्थापक दिवस के रूप में मनाती है और इसे लेकर पूरे शहर में आकर्षक विद्युत सज्जा और लाइटिंग की जाती है। संस्थापक दिवस की पूर्व संध्या पर टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने सोमवार को जुबली पार्क मे जेएन टाटा की प्रतिमा के समक्ष बटन दबाकर विद्युत सज्जा का उद्धघाटन किया।
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने जमशेदपुर और झारखंड के लोगों को संस्थापक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन शहर के लिए दिवाली है।
मौके पर टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा, टाटा स्टील के एमडी सह सीईओ टीवी नरेन्द्रन और टाटा स्टील के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने जेएन टाटा को श्रद्धांजलि अर्पित की। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की ओर से बटन दबते ही पूरा जुबली पार्क रोशनी, रंग और संगीत की बौछार में नहा उठा। लेजर लाइट, रंग-बिरंगे फाउंटेन शो और अत्याधुनिक विद्युत सज्जा ने ऐसा दृश्य रचा कि हर आंख बस उसी पल को कैद कर लेना चाहती थी।