
Gaya Jee. बिहार के गयाजी जिले में एक महिला ने आरोप लगाया है कि सरकारी भर्ती परीक्षा के दौरान बेहोश होने के बाद उसे अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस में उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया गया. पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि होमगार्ड भर्ती अभियान में शामिल पीड़िता द्वारा पहचाने गए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अधीक्षक (नगर) रामानंद कुमार कौशल ने कहा कि 24 जुलाई को जब महिला बेहोश हो गई, तो उसे एंबुलेंस से गयाजी स्थित अनुग्रह नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया. होश में आने पर महिला ने आरोप लगाया कि उसके साथ एंबुलेंस के अंदर बलात्कार किया गया.
उन्होंने कहा कि इसके बाद हमने एंबुलेंस में मौजूद चालक और एक तकनीशियन को हिरासत में लिया. महिला ने भी उनकी पहचान कर ली. आरोपियों का जवाब संतोषजनक नहीं था, इसलिए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत उन पर मामला दर्ज किया गया. कौशल ने कहा कि शिकायतकर्ता की मेडिकल जांच पूरी हो गई है और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
