
Jamshedpur: सोनारी थाना क्षेत्र के टिल्लू भट्ठा इलाके में पुलिस ने बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने का उपकरण, मादक पदार्थ और भारी मात्रा में नगद जब्त किया है. यह कार्रवाई समीर सरदार और लखीन्द्र सरदार के मकान और गोदाम में की गई.
पुलिस ने मौके से 1.4 किलो गांजा, 7.65 बोर का एक पिस्तौल, 11 जिंदा कारतूस, ₹2,41,600 नगद, सोने की चैन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, एप्पल का आईपैड, तीन मोबाइल फोन और आधार, पैन व मतदाता पहचान पत्र समेत कई दस्तावेज जब्त किए.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 23 अगस्त की शाम लगभग 4.30 बजे सूचना मिली कि दोनों आरोपी अपने सहयोगियों के साथ हथियार निर्माण और गांजा की खरीद-बिक्री में सक्रिय हैं. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम गठित की गई. टीम के पहुंचते ही घर के सदस्य मौके से फरार हो गए. इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में तलाशी ली गई.
गोदाम से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन, मिलिंग मशीन, ड्रिलिंग मशीन, ग्राइंडर, विद्युत मोटर, औजार और अर्धनिर्मित पिस्तौल के पार्ट्स भी बरामद किए गए.
एसएसपी ने कहा कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी अभियान जारी है. उन्होंने इस कार्रवाई को संगठित अपराध पर कड़ा प्रहार बताया और आश्वस्त किया कि अपराधियों को हर हाल में कानून के शिकंजे में लाया जाएगा.
