Site icon Lahar Chakra

Ghatsila By Election: घाटशिला उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन और झामुमो के सोमेश आज करेंगे नामांकन, सीएम समेत BJP-JMM के दिग्गज नेताओं का लगेगा जमावड़ा

Jamshedpur. घाटशिला उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन 17 अक्टूबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. पार्टी के एक नेता ने यह जानकारी दी. भाजपा ने बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को इस सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था. यह सीट अनुसूचित जनजाति (एसटी) उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है. इस सीट से उन्हें पार्टी उम्मीदवार बनाए जाने पर सोरेन ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू का आभार व्यक्त किया.

सोरेन ने कहा कि वह शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. यह सीट 15 अगस्त को नई दिल्ली में रामदास सोरेन के निधन के बाद से खाली थी. भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि उनकी प्रथमिकता शिक्षा, स्वास्थ, बुनियादी ढांचा, सड़क और युवाओं के लिए रोजगार सृजन करना है. बाबूलाल सोरेन 2024 के विधानसभा चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के रामदास सोरेन से हार गए थे. झामुमो ने बुधवार को पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के बेटे सोमेश चंद्र सोरेन को घाटशिला विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है.

दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में झामुमो की सभा
सीएम हेमंत सोरेन भी झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए मैदान में उतरेंगे.17 अक्टूबर को घाटशिला के दाहीगोड़ा सर्कस मैदान में झामुमो की नामांकन सभा होगी. इस नामांकन सभा में सीएम हेमंत सोरेन शामिल होंगे. सीएम हेमंत के अलावा पार्टी के बड़े नेता मौके पर मौजूद रहेंगे

मऊभंडार फुटबॉल मैदान में भाजपा की सभा
भाजपा के वरिष्ठ नेता अभय सिंह ने कहा कि 17 अक्तूबर को भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन नामांकन पत्र दाखिल करेंगे. हमारे प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, सांसद विद्युत वरण महतो विभिन्न विधानसभा से आए प्रचार करने हमारे विधायक उपस्थित रहेंगे. नामांकन पत्र सभा मऊभंडार फुटबॉल मैदान में रखा गया है. सभा के समाप्त होने के बाद सभी कार्यकर्ता अनुमंडल कार्यालय के लिए रवाना होंगे

Exit mobile version