Site icon Lahar Chakra

Ghatsila By-election Date Announce: घाटशिला का नया विधायक कौन बनेगा? 14 नवंबर को फैसला, उपचुनाव का हुआ एलान, 11 नवंबर को डाले जायेंगे वोट

Jamshedpur. बिहार विधानसभा चुनाव के साथ-साथ चुनाव आयोग ने कोल्हान के घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है. यह चुनाव 11 नवंबर को होगा. रिजल्ट 14 नवंबर को जारी होगा. शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद यह सीट खाली हुई थी. घाटशिला (एसटी आरक्षित) विधानसभा सीट पर उपचुनाव की अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी. नामांकन करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2025 है. नामांकन पत्रों की जांच 21 अक्टूबर 2025 को होगी. 22 अक्टूबर तक प्रत्याशी नामांकन वापस ले सकेंगे. 11 नवंबर को सभी उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी. 14 नवंबर को मतगणना होगी और उसी दिन तय हो जायेगा कि घाटशिला का नया विधायक कौन बनेगा.

जिले में आदर्श आचार संहिता लागू
पूर्वी सिंहभूम निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि घाटशिला उपचुनाव को लेकर तिथि की घोषणा के साथ जिले में आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है. इसमें नयी योजना का चयन, बहाली, योजना का उद्घाटन, आर्म्स लाइसेंस बनाना समेत अन्य कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गयी है. सोमवार से लेकर घाटशिला उपचुनाव संपन्न होने तक रैली, जुलूस, सभा बैठक आदि पर बिना अनुमति के रोक रहेगी. सीमावर्ती इलाके व जिले में आचार संहिता अनुपालन होगा.

इन राज्यों में भी उपचुनाव का हुआ एलान
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को झारखंड, जम्मू कश्मीर, ओडिशा,  मिजोरम, पंजाब, तेलंगाना और राजस्थान की आठ विधानसभा सीट के लिए उपचुनाव की घोषणा की. यहां 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 14 नवंबर को होगी मतगणना. पंजाब की तरनतारन विधानसभा सीट कश्मीर सिंह सोहल के निधन के बाद खाली हो गई. ओडिशा की नुआपाड़ा विधानसभा सीट आठ सितंबर को निवर्तमान विधायक राजेंद्र ढोलकिया के निधन के कारण रिक्त हो गयी थी. जम्मू कश्मीर में दो विधानसभा क्षेत्र – बडगाम और नगरोटा – अक्टूबर 2024 से रिक्त हैं. बडगाम सीट 2024 के विधानसभा चुनावों के तुरंत बाद रिक्त हो गई थी, जब मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गांदरबल सीट को अपने पास रखने का फैसला किया था. यह सीट 21 अक्टूबर, 2024 से रिक्त है. नगरोटा सीट विधायक देवेंद्र सिंह राणा के निधन के बाद 31 अक्टूबर, 2024 को रिक्त हुई थी. राजस्थान के अंता में उपचुनाव धमकी दिए जाने के एक मामले में भाजपा विधायक कंवरलाल को दोषी ठहराए जाने के बाद मई में अयोग्य घोषित किए जाने के बाद आवश्यक हो गया. तेलंगाना का जुबली हिल निर्वाचन क्षेत्र इस साल जून में बीआरएस विधायक मगंती गोपीनाथ का निधन होने से रिक्त हो गया था. मिजोरम की डम्पा विधानसभा सीट 21 जुलाई को एमएनएफ के निवर्तमान विधायक लालरिंतलुआंगा सैलो के निधन के बाद रिक्त हो गई थी.

Exit mobile version