Site icon Lahar Chakra

Ghatsila By Election Result Round 12: घाटशिला उपचुनाव में 12वें चरण की मतगणना के बाद JMM के सोमेश बड़ी जीत की ओर, 23000 से अधिक की बढ़त, दूसरे नंबर पर BJP, देखें किसे कितने वोट मिले?

Jamshedpur झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में शुक्रवार को मतगणना के रुझानों में झामुमो उम्मीदवार सोमेश चंद्र सोरेन भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बाबूलाल सोरेन से 23,385 मतों से आगे हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. 12वें चरण की मतगणना के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) उम्मीदवार को 64637 वोट मिले, जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार को 41252 वोट मिले.

झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के उम्मीदवार रामदास मुर्मू 9364 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं. अधिकारी ने बताया कि घाटशिला उपचुनाव के लिए मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज में सुबह आठ बजे शुरू हुई.
यह उपचुनाव सत्तारूढ़ झामुमो और भाजपा दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है हालांकि, चुनाव परिणाम का हेमंत सोरेन सरकार पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा. 81 सदस्यीय राज्य विधानसभा में झामुमो के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन के पास वर्तमान में 55 विधायक हैं, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास 24 विधायक हैं. इस सीट पर 11 नवंबर को हुए उपचुनाव में 74.63 प्रतिशत मतदान हुआ था.

पूर्वी सिंहभूम जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ)-सह-उपायुक्त (डीसी) कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि मतगणना जारी है. कुल 20 चरणों में मतगणना होगी. इस सीट से 13 उम्मीदवार मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला झामुमो के सोमेश चंद्र सोरेन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बाबूलाल सोरेन (पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के पुत्र) के बीच होने की संभावना है. सोमेश झामुमो विधायक रामदास सोरेन के पुत्र हैं, जिनके 15 अगस्त को निधन के बाद उपचुनाव कराना आवश्यक हो गया था.

रामदास सोरेन ने 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के बाबूलाल सोरेन को 22,000 से अधिक मतों से हराया था. सोमेश चंद्र सोरेन पहली बार किसी चुनावी मैदान में उतरे हैं।

*मतगणना राउंड 12*
1. बाबूलाल सोरेन, भाजपा- 41252
2. सोमेश चंद्र सोरेन, झामुमो- 64637
3. पंचानन सोरेन, भारत आदिवासी पार्टी (BAP) – 656
4. पार्वती हांसदा, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया(डेमोक्रेटिक) -234
5. रामदास मुर्मू, जेएलकेएम- 9364
6. नारायण सिंह, निर्दलीय प्रत्याशी- 134
7. परमेश्वर टुडू, निर्दलीय- 98
8. बसंत कुमार तोपनो, निर्दलीय-87
9. मनसा राम हांसदा, निर्दलीय प्रत्याशी-717
10. मनोज कुमार सिंह, निर्दलीय- 255
11. रामकृष्ण कांति माहली, निर्दलीय- 197
12. विकास हेम्ब्रम, निर्दलीय- 570
13. डॉ. श्रीलाल किस्कू, निर्दलीय- 983
14. NOTA- 1765

Exit mobile version