
Ghatsila. घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर प्रशासन की ओर से चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उम्मीदवारों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं के चुनावी खर्च की जांच तिथियां तय कर दी गई हैं. यह जांच घाटशिला अनुमंडल कार्यालय परिसर स्थित अनुमंडल सभागार में होगी. प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि सभी उम्मीदवारों को निर्धारित तिथियों पर उपस्थित होकर अपना व्यय लेखा प्रस्तुत करना अनिवार्य है.
घाटशिला विधानसभा के निर्वाची पदाधिकारी के अनुसार, व्यय लेखा निरीक्षण तीन चरणों में किया जाएगा. सुबह 10:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक समय तय किया गया है. 30 अक्तूबर को पहला निरीक्षण, चार नवंबर को दूसरा निरीक्षण और आठ नवंबर को तीसरा निरीक्षण होगा. हर चरण में उम्मीदवारों के खर्चों के रिकार्ड, रसीदें, बिल, यात्रा और प्रचार व्यय से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जाएगी.
निर्वाची पदाधिकारी ने कहा कि निर्धारित तिथियों पर उपस्थित न रहने या लेखा प्रस्तुत न करने पर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी. चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार, हर उम्मीदवार को अपने प्रचार और खर्च का विस्तृत ब्योरा रखना होता है, जिसमें बैनर, पोस्टर, सभा, विज्ञापन, यात्रा और प्रचार सामग्री पर हुए खर्च का हिसाब शामिल है.
