Lahar Chakra

Ghatsila By Election: जो आदिवासी बोलता है, उसका हाल सूर्या हांसदा जैसा कर दिया जा रहा, घाटशिला की नामांकन सभा में हेमंत सरकार पर बरसे बाबूलाल मरांडी

Ghatsila. घाटशिला उपचुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है. मतदान 11 नवंबर को होगा. वोटों की गिनती 14 नवंबर को है. शुक्रवार को भाजपा ने घाटशिला उपचुनाव में चंपाई सोरेन के पुत्र बाबूलाल सोरेन को अपना प्रत्याशी बनाया है. शुक्रवार को उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान घाटशिला के मऊभंडार फुटबॉल मैदान में आयोजित नामांकन सभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य सरकार साजिश के तहत आदिवासियों को उजाड़ने का काम कर रही है. सरकार के खिलाफ जो आदिवासी बोलता है, उसका हाल सूर्या हांसदा जैसा कर दिया जा रहा है. सूर्या हांसदा की हत्या करनेवाले पुलिस अधिकारियों को हेमंत सरकार बचाने में लगी है. बाबूूलाल मरांडी ने कहा कि एक बाबूलाल के लिए एक बाबूलाल वोट मांगने आया है. उन्होंने कहा कि अवैध माइनिंग करने वालों को सरकार संरक्षण दे रही है. बंगलादेशी घुसपैठिए और रोहिंग्या मुसलमानों को सरकार बसाने का काम कर रही है. सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है.

उन्होंने कहा कि भाजपा ही आदिवासियों की सच्ची हितैषी वाली पार्टी है. झारखंड अलग राज्य निर्माण के सपना को भाजपा ने ही साकार किया. बाबूलाल ने कहा कि उपचुनाव के परिणाम से भले ही राज्य सरकार की सेहत पर असर नहीं पड़े, लेकिन भ्रष्टाचार, माफिया, लूट-खसोट व जमीन लूटने वाली सरकार के खिलाफ चोट करने के लिए भाजपा को वोट जरूर दें. घाटशिला की जीत से पूरे प्रदेश में भ्रष्ट सरकार के खिलाफ एक संदेश जायेगा. सरकार ने इस राज्य को लूटा है. राज्य सरकार गांव को उसका अधिकार नहीं दे रही है. पहले नदी-नाला, गांव के अधीन था. वहां बालू का अधिकार गांव के पास था. अब मुंबई और कोलकाता के व्यापारियों को बालू बेचा जा रहा है. प्रदेश के बालू, कोयला व खनिज संपदा को लूटने से हमें बचाना है.

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विधायक बनने के बाद बाबूलाल सोरेन व सांसद विद्युत वरण महतो मिलकर घाटशिला का विकास करेंगे. साथ ही स्थानीय खदानों को खुलवाने का काम करेंगे, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके. चुनावी सभा को भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, मधु कोड़ा, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक सरयू राय, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद आदित्य साहू, भाजपा के पर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी, भाजपा के चुनाव संगठन प्रभारी अभय सिंह ने भी संबोधित किया.

मऊभंडार प्लांट और बंद खदानों को खुलवायेंगे:
बाबूलाल मरांडी ने घाटशिला की जनता से आह्वान किया की बाबूलाल सोरेन को जीतायें. निश्चित रुप से एचसीएल-आइसीसी की बंद ताम्र खदानों और मऊभंडार प्लांट को खुलवाने का काम भाजपा करेगी. उन्होंने कहा कि स्थानीय युवाओं को रोजगार दिलाने के साथ ही घाटशिला के विकास को लेकर पार्टी संकल्प लेकर काम करेगी. सांसद विद्युतवरण महतो मऊभंडार प्लांट व कॉपर खदानों के लिए प्रयासरत भी है.

Exit mobile version