Site icon Lahar Chakra

Ghatsila By-Elections: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव मिलकर लड़ेगा NDA, आजसू, जदयू नेताओं के साथ बैठक में बोले भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल और सुदेश महतो

Ranchi. भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को कहा कि घाटशिला विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में झामुमो नीत सत्तारूढ़ गठबंधन को हराने के लिये राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) एकजुट होकर लड़ेगा. ग्यारह नवंबर को इस सीट पर उपचुनाव कराने की घोषणा के एक दिन बाद उन्होंने यह टिप्पणी की है. झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन का 15 अगस्त को नयी दिल्ली के एक निजी अस्पताल में निधन हो जाने के कारण घाटशिला सीट पर उपचुनाव कराया जाना है. झामुमो के रामदास सोरेन ने 2024 में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे और भाजपा नेता बाबूलाल सोरेन को हराकर तीसरी बार इस सीट पर जीत हासिल की थी. रामदास ने 2009 में पहली बार यह सीट जीती थी. हालांकि, 2014 में वह भाजपा के लक्ष्मण टुडू से हार गए थे, लेकिन 2019 में उन्होंने फिर से जीत हासिल की थी.

मरांडी ने दावा किया कि घाटशिला उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) जीत की ओर अग्रसर है. इस निर्वाचन क्षेत्र के लोग हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार से निराश हो चुके हैं. पिछले छह वर्षों में राज्य में विकास ठप हो गया है.

वह यहां भाजपा कार्यालय में राजग घटक दलों की बैठक को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान, आजसू पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने राजग की एकता और दृढ़ता पर ज़ोर दिया. उन्होंने कहा, हम घाटशिला उपचुनाव पूरी ताकत और सामूहिक भावना से लड़ेंगे. मतदाताओं के सामने मुख्य मुद्दा राज्य सरकार की सभी मोर्चों पर पूर्ण विफलता है.

जद(यू) के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य खीरू महतो ने विश्वास व्यक्त किया कि बैठक में लिए गए निर्णयों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा. उन्होंने कहा, राजग पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध है. हमें घाटशिला में जीत का पूरा भरोसा है. बैठक में भाजपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू समेत राजग के घटक दलों के वरिष्ठ नेता मौजूद थे. उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर है और नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 24 अक्टूबर है. मतगणना 14 नवंबर को होगी.

Exit mobile version