Site icon Lahar Chakra

Ghatsila: गुड़ाबांदा में ग्रामीण को हाथी ने कुचलकर मार डाला, घंटों घायल अवस्था में पड़ा रहा, दम तोड़ा

Ghatsila.जंगली हाथी के हमले में एक बार फिर ग्रामीण ने अपनी जान गवां दी. घटना गुड़ाबांदा के माछभंडार गांव की है. यहां मंगलवार सुबह जंगली हाथी के हमले में पांडरासोल निवासी हाड़ीराम मुर्मू (40) की मौत हो गयी. वह सुबह शौच के लिए जंगल की ओर निकले थे. इसी दौरान अचानक जंगली हाथी ने उस पर हमला कर दिया. हालांकि, मौजूद लोगों ने शोर मचाया, तो हाथी भाग गया. लेकिन तब तक हाड़ीराम गंभीर रूप से घायल हो चुके थे.

ग्रामीणों ने हाड़ीराम को किसी तरह उसके घर पहुंचाया और एंबुलेंस को फोन किया. लेकिन चार घंटे तक एंबुलेंस नहीं आयी. तब परिजन हाड़ीराम को निजी वाहन से घाटशिला अनुमंडल अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची. हालांकि, टीम के देर से पहुंचने पर ग्रामीण नाराज थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. वन विभाग ने मृतक के परिवार को 25 हजार रुपये की तत्काल मुआवजा राशि दी.

Exit mobile version