
Hazaribag. हजारीबाग जिले के चौपारण की दनुआ घाटी में आज सड़क हादसा हो गया. इसमें एक की मौत हो गयी है, जबकि छह लोग घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद घायलों को हजारीबाग रेफर कर दिया गया. एनएच-2 स्थित दनुआ घाटी फिर सड़क हादसे की गवाह बनी. धनबाद से औरंगाबाद जा रही एक कार समेत तीन वाहनों के बीच जोरदार टक्कर में बाइक सवार आशीष कुमार (23) की मौत हो गयी, जबकि कार पर सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश ने घायलों को अपने वाहन से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. कार पर सवार लोग धनबाद से अपने रिश्तेदार के घर औरंगाबाद जा रहे थे. तभी कार के आगे-आगे चल रहा ट्रक चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया, वहीं पीछे चल रही कार ने ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी. इसी बीच एक बाइक सवार दुर्घटनाग्रस्त वाहन की चपेट में आ गया. इससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि बाइक पर सवार उसका मित्र अभिषेक कुमार (राजपुर, कान्हाचट्टी, चतरा) गंभीर रूप से घायल हो गया.
